और कोई नहीं बन सका भारत कुमार
मनोज कुमार के जन्म दिन 24 जुलाई पर विशेष - प्रदीप सरदाना वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक मनोज कुमार हिन्दी सिनेमा के एक ऐसे अभिनेता और फ़िल्मकार रहे हैं जिनका नाम आते ही देश भक्ति की फिल्मों की याद हो आती है। यही कारण है कि मनोज कुमार को बरसों से भारत कुमार कहा जाता है। हालांकि मनोज कुमार से पहले और उनके फिल्मों में आने के बाद , कितने ही फ़िल्मकारों ने देश भक्ति की फिल्में बनायीं। पिछले कुछ बरसों में अजय देवगन और अक्षय कुमार जैसे अभिनेताओं ने तो देश भक्ति की कई अच्छी फिल्में कीं। लेकिन अभी तक कोई भी और अभिनेता भारत कुमार नहीं बन सका। मनोज कुमार ने पहली बार 1967 में जब खुद अपने लेखन-निर्देशन में फिल्म ‘ उपकार ’ बनाई तो उसमें उन्होंने अपना नाम भारत रख दिया। लाल बहादुर शास्त्री के नारे ‘ जय जवान , जय किसान ’ पर बनी फिल्म ‘ उपकार ’ ने , बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट होने के साथ 4 फिल्मफेयर पुरस्कार अपनी झोली में समेट इतिहास रच दिया था। उसके बाद अपनी होम प्रॉडक्शन की फिल्म ‘ पूरब और पश्चिम ’ (1970) ,‘ रोटी कपड़ा और मकान ’ (1974)...