राज कपूर ने ‘आवारा’ के लिए पिता को भी दिया था मेहनताना
- प्रदीप सरदाना वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म विश्लेषक राज कपूर एक दिलकश अभिनेता होने के साथ लाजवाब फ़िल्मकार भी थे। एक ऐसे फ़िल्मकार जिन्होंने अपनी फिल्मों को भव्यता के ऐसे आयाम दिये जिसके लिए उन्हें ‘ द ग्रेट शोमैन ’ कहा जाता था। आज राज कपूर को दुनिया से बिदा हुए 33 साल हो गए लेकिन उनके बाद देश का कोई और फ़िल्मकार ग्रेट शौमैन नहीं बन सका। हालांकि सुभाष घई और संजय लीला भंसाली सहित कुछ और फ़िल्मकारों ने भी अपनी फिल्मों में भव्यता के कई रंग बिखेरे। लेकिन ग्रेट शोमैन का तमगा किसी को न मिल सका। बता दें राज कपूर को जिस फिल्म के बाद ‘ द ग्रेट शोमैन ’ कहा जाने लगा वह फिल्म ‘ आवारा ’ थी। सन 1951 में प्रदर्शित ‘ आवारा ’ में राज कपूर के साथ नर्गिस नायिका थीं। इस फिल्म से पहले दोनों की जोड़ी ‘ बरसात ’ फिल्म से हिट हो चुकी थी। लेकिन ‘ आवारा ’ के बाद तो ये जोड़ी दुनिया भर में ऐसी लोकप्रिय हुई कि जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। ‘ आवारा ’ को शानदार बनाने के लिए राज कपूर ने एक ऐसा भव्य सेट लगाया , जहां स्वप्न दृश्य में ‘ घर आया मेरा परदेसी ’ गीत फिल्मा कर राज कपूर ने इतिहास रच दिया...