अनूप जलोटा : बरसों बाद भी कायम है लोकप्रियता
- प्रदीप सरदाना वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक अनूप जलोटा अपनी भजन गायकी के लिए तो पूरे विश्व में इतने मशहूर हैं कि उन्हें ‘ भजन सम्राट ’ कहा जाता है। लेकिन संगीत के साथ फिल्म-टीवी की दुनिया में भी जलोटा बहुत काम कर चुके हैं। जिनमें फिल्मों में गायन और संगीत निर्देशन से लेकर अभिनय यहाँ तक फिल्म निर्माता के रूप में भी उनका सफर काफी दिलचस्प है। फिर सन 2018 में ‘ बिग बॉस -12’ के प्रतियोगी के रूप में तो वह इतने चर्चित हुए कि सभी उनको देख दंग रह गए। साथ ही पीछे वह ‘ पाताल लोक ’ सीरीज मेँ भी एक राजनीतिज्ञ की भूमिका मेँ आए। सन 1953 मेँ नैनीताल में जन्मे अनूप जलोटा अब इस 29 जुलाई को , 69 बरस के रहे हैं। आश्चर्य यह है कि 69 बरस की उम्र में संगीत की दुनिया का उन्हें 61 बरस का अनुभव है। उधर इतनी उम्र मेँ भी उनका जोश , उत्साह और उमंग देखते ही बनती है। जलोटा बताते हैं- ‘’ अपनी उम्र के 69 वें पड़ाव पर पहुँच में बहुत खुश हूँ। मज़े में हूँ , आनंद में हूँ। मुझे पिछले साल संगीत में 60 बरस हो गए हैं। मैं 7-8 बरस का था जब मैंने पहली बार स्टेज पर अपना क...