भटक गयी है सुशांत की मौत की जांच
- प्रदीप सरदाना
वरिष्ठ पत्रकार एवं विश्लेषक
बॉलीवुड की जिन नायिकाओं की चर्चा उनकी सुंदरता और उनके दिलकश अभिनय के लिए होती थी, उनमें से कुछ के नाम ड्रग्स मामलों में आने से आज उनकी तस्वीर बिलकुल बदल गयी है। साथ ही बॉलीवुड के इस ड्रग्स केस से सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला बुरी तरह उलझ गया है।
अब तो हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत की जांच अपनी राह से भटक कर अलग दिशा में चली गयी है। क्योंकि लंबे समय से चल रही देश की विभिन्न और बड़ी एजेंसियों की इस जांच में अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि सुशांत ने गत 14 जून को आत्महत्या की थी या किसी ने उनकी हत्या करके इसे आत्महत्या का रंग दे दिया गया। या फिर यह भी कि क्या किसी ने सुशांत को तंग करके आत्महत्या करने के लिए विवश कर दिया था।
सुशांत की संदिग्ध मौत के पहले दिन जब मुंबई
पुलिस ने बिना कोई जांच किए तुरंत यह घोषणा कर दी, “सुशांत ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है”, तो सभी अवाक रह गए थे। मुंबई पुलिस
इससे सवालों के घेरे में आ गयी थी। साथ ही सबसे बड़ा सवाल सुशांत की तथाकथित ‘गर्ल फ्रेंड’ रिया चक्रवर्ती को लेकर उठा था, जो पिछले काफी समय से सुशांत के साथ
उनके घर में रह रही थी। लेकिन उसका दावा था कि वह 8 जून को ही सुशांत का घर छोड़कर चली गयी थी। लेकिन पता चला कि रिया ने
सुशांत और उनके सभी कामकाज को अपने नियंत्रण में लिया हुआ था।
रिया और मुंबई पुलिस के बाद महाराष्ट्र सरकार
पर भी तब उँगलियाँ उठने लगीं, जब
इन्होंने सुशांत के मामले पर सीबीआई जांच का विरोध किया। सबसे बड़ा सवाल यही था कि
आखिर ये सब सीबीआई जांच से क्यों बचना चाहते हैं। इससे पहले जब सुशांत के पिता ने
रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज कराई तो मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस
को जरा भी सहयोग नहीं किया। यहाँ तक जब बिहार पुलिस मुंबई पहुंची तो उसके साथ काफी
दुव्र्यवहार किया गया । हालांकि महाराष्ट्र सरकार के विरोध के बावजूद सुप्रीम
कोर्ट ने सीबीआई को सुशांत की मौत के मामले की जांच करने की अनुमति दे दी।
गत 20 अगस्त को जब सीबीआई ने सुशांत केस को अपने हाथों में लिया तो लगा था कि अब जल्द ही सुशांत की मौत के रहस्य से पर्दा उठ जाएगा। सुशांत केस में उसे ड्रग्स देने और उसके करोड़ों रुपए हड़पने का शक होने पर इस मामले की जांच सीबीआई के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा भी होने लगी। लेकिन 4 महीने से ज्यादा होने के बाद भी सुशांत की मौत अब भी पहले दिन की तरह संदिग्ध बनी हुई है।
रिया चक्रवर्ती और कुछ ड्रग पेडलर के बयानों के बाद ड्रग्स के इस्तेमाल को लेकर, दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर और सारा अली खान जैसी फिल्म अभिनेत्रियों तक के नाम सामने आ गए हैं। एनसीबी इन मशहूर अभिनेत्रियों को पूछताछ के लिए बुला रही है। इससे अब सभी का ध्यान इस बात पर हो गया है कि कौन कौन से कलाकार ड्रग्स लेते हैं। मीडिया भी अब इस बात को ज्यादा बताने में लगा है कि बॉलीवुड, ड्रग्स माफिया के शिकंजे में है। जाहिर है इससे सुशांत की मौत की जांच भटक गयी है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार, स्तंभकार, समीक्षक एवं टीवी पैनलिस्ट हैं)


Comments