गोवा फिल्म समारोह में निम्मी, ऋषि कपूर, इरफान, सुशांत सिंह राजपूत और सरोज खान सहित 19 हस्तियों को किया जाएगा याद

प्रदीप सरदाना 

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक 

भारतीय फिल्मों का महाकुंभ और एशिया के सबसे पुराने फिल्म समारोह की गोवा में शुरुआत हो गयी। यह बहुप्रतीक्षित और प्रतिष्ठित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चलेगा। समारोह में देश विदेश की उन फिल्म हस्तियों की भी फिल्में दिखाकर श्रद्धांजलि दी जाएगी, जो सन 2020 में इस दुनिया को अलविदा कह गए। यूं तो पिछले कुछ बरसों से इस समारोह में हर बार ऐसी प्रमुख फिल्म हस्तियों की याद किया जाता है, जिनका उस वर्ष निधन हो गया होता है। लेकिन यह पहला मौका है, जब इस बार एक साथ 19 भारतीय फिल्म हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसका एक कारण यह भी है कि कोरोना के चलते पिछले वर्ष हमने कुछ ज्यादा लोगों को ही खो दिया।

कोरोना के कारण ही प्रत्येक वर्ष अक्तूबर में होने वाला यह फिल्म समारोह पिछले वर्ष आयोजित नहीं हो सका था। कोरोना को देखते हुए इस वर्ष पहली बार हाईब्रिड फिल्म समारोह का आयोजन है, जिसमें समारोह के कई आयोजन और फिल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी देखा जा सकेगा।

समारोह में जिन भारतीय फिल्म हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जा रही है उनमें जहां एक ओर पुराने दौर की चर्चित अभिनेत्रियाँ निम्मी और कुमकुम हैं वहीं सुप्रसिद्द अभिनेता ऋषि कपूर, इरफान खान और सुशांत सिंह राजपूत भी हैं। साथ ही पुराने अभिनेता सौमित्र चटर्जी, श्रीराम लागू, जगदीप के साथ गायक एसपी बालासुब्रमण्यम, संगीतकार वाजिद खान, गीतकार योगेश और राहत इंदौरी, नृत्य निर्देशिका सरोज खान, कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथईया और फ़िल्मकार बासु चटर्जी को भी समारोह में याद किया जाएगा। इनके अतिरिक्त निशिकांत सामंत, अजीत दास, मनमोहन महापात्रा और विजय मोहंती को भी गोवा में श्रद्धांजलि दी जाएगी।

समारोह में इनको याद करते हुए ऋषि कपूर की बॉबी’, सुशांत की केदारनाथ’, इरफान की पान सिंह तोमर’, निम्मी और कुमकुम की बसंत बहार’, जगदीप की ब्रह्मचारी’, बासु चटर्जी और योगेश की छोटी सी बात’, सरोज खान की देवदास’, वाजिद खान की दबंग’, सौमित्र चटर्जी की सोनार केला और श्रीराम लागू की एक दिन अचानक फिल्म दिखाई जाएगी। वहाँ भानु अथईया की स्मृति में उनकी उस विश्व प्रसिद्द फिल्म गांधी का प्रदर्शन समारोह में रखा गया है, जिसके लिए भानु को ऑस्कर अवार्ड भी मिला था। वहीं राहत इंदौरी के यादगार गीतों से सजी फिल्म करीब को दिखाकर उन्हें याद किया जाएगा।

गोवा समारोह में इन 19 भारतीय फिल्म हस्तियों के साथ विश्व सिनेमा की 9 हस्तियों को भी श्रद्धांजली दी जाएगी। जिनमें सर एलन पार्कर, किर्क डगलस, ओलिविया डी हैविलैंड, चैडविक बोसमैन, इवान पासर, गोरन पास्कलजेविक, एलन दावियाऊ, एन्नियो मोरिकन और मैक्स वॉन सिडो जैसी हस्तियाँ हैं।

समारोह में यूं कुल 225 से भी अधिक फिल्में दिखाई जाएगी। जिनमें समारोह के सबसे प्रमुख प्रतियोगिता खंड में विश्व की उच्च कोटि की कुल 15 फिल्में हैं। जिनमें भारत की भी दो फिल्में, निर्देशक कृपाल कालीता की ब्रिज और गणेश विनायकन की तेन शामिल हैं। समारोह का उद्घाटन फ्रांस के कान फिल्म समारोह में पुरस्कृत फिल्म एनअदर राउंड के साथ हुआ। जबकि संदीप कुमार की फिल्म मेहरुनिसा का समारोह में विश्व प्रीमियर होगा। वहीं समारोह का समापन जापान के सुप्रसिद्द फ़िल्मकार कुरोसावा की चर्चित फिल्म वाइफ ऑफ द स्पाई से इस 9 दिवसीय फिल्म समारोह का समापन होगा। 

('लोकमत समाचारमें 17 जनवरी 2020 को प्रकाशित मेरा लेख कुछ नए इनपुट्स के साथ) 

मुझसे Twitter पर जुड़ने के लिए - https://twitter.com/pradeepsardana   

मुझसे Instagram पर जुड़ने के लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en

मेरे Youtube चैनल से जुड़ने के लिए- https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw 

Comments

Popular posts from this blog

छोटी ज़िंदगी का बड़ा अफसाना रोहित सरदाना

आशा पारेख को फाल्के मिलने से जगी हैं नयी आशाएँ

फिल्म प्रेमियों का तीर्थ भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह