देश के अपने पहले सुपर हीरो हैं ऋतिक रोशन
ऋतिक रोशन के जन्म दिन 10 जनवरी पर विशेष
- प्रदीप सरदाना
वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक
हिन्दी फिल्मों में आज के दौर के टॉप 5 हीरो में एक ऋतिक रोशन आज 47 साल के हो गए। प्रसिद्द फ़िल्मकार राकेश रोशन के पुत्र और एक जमाने के बेहतरीन संगीत निर्देशक रोशन के पौत्र ऋतिक को सिनेमा विरासत में मिला। कम लोग जानते हैं कि अपने नाना जे ओमप्रकाश की फिल्म ‘आशा’ के एक गीत ‘जाने हम सड़क के लोगों से’, सन 1980 में पहली बार ऋतिक ने फिल्मों में कदम रखा था। जब बतौर हीरो ऋतिक की पहली फिल्म ‘कहो न प्यार है’, 14 जनवरी 2000 को रिलीज हुई, तब ऋतिक ने अपनी रोहित और राज की भूमिकाओं में तो शानदार परफ़ोर्मेंस दी ही लेकिन उनके डांस ने तो पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया था।
कोरियोग्राफर
फराह खान ने ‘कहो न प्यार है’ में ऋतिक को जो डांस स्टेप्स दिये वे आज के इंडियन सिनेमा और खासतौर से
हिन्दी सिनेमा के लिए नए से थे। बड़ी बात यह भी थी कि ऋतिक ने फराह के स्टेप्स को
बखूबी कर दिखाया साथ ही उसमें अपना भी ऐसा पुट डाला कि वह सब ऋतिक का स्टाइल बन
गया।
ऋतिक
जितने अच्छे डांसर हैं उतने ही अच्छे अभिनेता। वह चाहे कम फिल्म करते हैं लेकिन
उनकी ज़्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल करती रही हैं। पिछले वर्ष तो उनकी कोई
फिल्म नहीं आई। लेकिन 2019 में प्रदर्शित उनकी दोनों फिल्म ‘वार’ और ‘सुपर-30’ बेहद सफल रही हैं। ‘वार’ की सफलता का आलम तो यह रहा कि वह देश में ही करीब 320 करोड़ रुपए का नेट
बिजनेस करके उस वर्ष की सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म साबित हुई।
मुझे
याद है जब ‘कहो न प्यार है’ के प्रमोशन के सिलसिले में राकेश रोशन ने ऋतिक से मिलवाया था तो वह जहां उत्साहित
थे कि उनका बेटा फिल्मों में लॉंच होने वाला है। वहाँ उनके चेहरे पर एक निर्माता
से ज्यादा एक पिता की चिंता भी साफ झलकती थी कि उनके बेटे को फिल्मों में सफलता
मिलेगी या नहीं। लेकिन अपनी पहली ही फिल्म से ऋतिक ने ऐसा कमाल किया कि सभी दंग रह
गए। फिर से अपनी होम प्रोडक्शन में आई फिल्म ‘कोई मिल गया’ और उसके बाद ‘कृष’ और फिर ‘कृष-3’ ने तो सफलता के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिये। साथ ही ऋतिक रोशन के कृष रूप
में देश को अपना पहला सुपर हीरो भी मिल गया।
ऋतिक
ने पिछले 21 बरसों में मुख्य भूमिकाओं वाली कुल 25 फिल्में की हैं। जिनमें से उनकी
13 फिल्में सुपर हिट रहीं और 5 फिल्में हिट-सेमी हिट। इसलिए उनका बॉक्स ऑफिस स्कोर
कार्ड बहुत अच्छा है।
अपने
करियर में एक बेहतरीन अभिनेता तो उन्होंने खुद को बार बार साबित किया। लेकिन उनकी ‘कोई मिल गया’ और ‘गुजारिश’ तो भुलाए नहीं भूलतीं। फिर ‘कभी खुशी कभी गम’,‘जोधा अकबर’,‘अग्निपथ’, ‘धूम-2’, और ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा’ भी
ऋतिक की यादगार फिल्में हैं। ऋतिक अपनी हर पिछली फिल्म से और आगे निकलने की
कोशिशों में दिखते हैं। अब सभी को ऋतिक की ‘कृष-4’ का इंतज़ार है। साथ ही वह ‘सत्ते पे सत्ता’ के रिमेक के साथ एक तमिल फिल्म ‘विक्रम वेधा’ में भी काम कर रहे हैं।
('लोकमत समाचार' में 10 जनवरी 2020 को
प्रकाशित मेरा लेख कुछ इनपुट्स के साथ)
मुझसे Twitter पर जुड़ने के लिए- https://twitter.com/pradeepsardana
मुझसे Instagram पर जुड़ने के लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en
मेरे Youtube चैनल से जुड़ने के लिए- https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw



Comments