‘इंडियन आइडल’ में सितारों ने लगाए चार चाँद

 

- प्रदीप सरदाना

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म-टीवी समीक्षक 

इन दिनों सोनी चैनल पर चल रहे सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ ने टीवी पर प्रतिभा, भव्यता और मनोरंजन का नया इतिहास लिख दिया है।

यूं ‘इंडियन आइडल’ शुरू से ही गीत-संगीत की दुनिया का एक ऐसा मंच बना हुआ है जो नए नए प्रतिभाशाली गायक-गायिकाओं को सामने लाने के साथ, दर्शकों को संगीत की एक नयी दुनिया में ले जाता है। लेकिन ‘इंडियन आइडल’ सीजन 12 में जहां गजब की प्रतिभाएं हैं, भव्य सेट्स और बेजोड़ संगीत वादक हैं, वहाँ इस बार इसमें सितारों का भी बड़ा मेला है। इससे ‘इंडियन आइडल’ में चार चाँद लग गए हैं।

अपने दौर के ऐसे बड़े बड़े सितारे जिनके मंच पर आते ही प्रतियोगियों में एक नया जोश, नया उत्साह जाग जाता है और दर्शकों में एक नयी चमक। पिछले दिनों सुपर स्टार रेखा ने ‘इंडियन आइडल’ में जो धमाल किया उसे तो कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

रेखा ने जहां प्रतियोगियों के साथ गीत गाये, ढोलक बजाई, हारमोनियम बजाया, नृत्य किया वहां खूब मस्ती भी की। रेखा ने जब सवाई को कहा कि क्या वह मेरी फरमाइश पर ‘लंबी जुदाई’ गीत सुना सकते हैं तो सवाई ने कहाँ हाँ। सवाई ने जब अपने अंदाज़ में ‘लंबी जुदाई’ गीत सुनाया तो रेखा की आँखें भर आयीं। रेखा ने इस पर कहा कि मैं ज़िंदगी में कभी रोती नहीं। लेकिन तुमने मुझे रुला दिया।

यहाँ तक रेखा सवाई भाट के लिए अपने घर से उसकी पसंद का पनीर भी बनाकर लायीं। जिसे रेखा ने मंच पर जाकर सवाई के साथ अन्य प्रतियोगियों को भी अपने हाथ से खुद खिलाया। तो सभी प्रतियोगियों के चेहरे खिल गए।

यह सब देख इस बात का अंदाज लगाया जा सकता है कि एक शो को हिट बनाने के लिए चैनल को एड़ी से चोटी का ज़ोर लगाना पड़ता है, कितने ही पापड़ बेलने पड़ते हैं।

रेखा से पहले भी पूनम ढिल्लों
, पदमिनी कोल्हापुरे, धर्मेन्द्र, आशा पारेख, हेमा मलिनी, जीतेंद्र, एकता कपूर, नीतू सिंह, गोविंदा, शक्ति कपूर, सुभाष घई, संतोष आनंद, प्यारे लाल, भप्पी लहिरी, अनु मलिक, उदित नारायण और अलका याज्ञनिक जैसे कई सितारे सीजन 12 में आकर अपने अपने रंग जमा चुके हैं।  

‘इंडियन आइडल’ सीजन 12 को सेलेब्रिटी के आने पर पहले पहल सबसे ज्यादा चर्चा गीतकार संतोष आनंद से मिली। यह एपिसोड संगीतकार लक्ष्मीकान्त प्यारेलाल विशेष था। इसमें संगीतकार प्यारेलाल और उनकी पत्नी मुख्य अतिथि थे। लेकिन संतोष आनंद ने जब अपने दिल के कुछ अलफाज वहाँ सुनाये, उनका लिखा गीत ‘एक प्यार का नगमा है’ जब वहाँ गूँजा और जज नेहा कक्कड़ ने जब संतोष आनंद को अपनी ओर से 5 लाख रुपए भेंट किए तो यह एपिसोड सुर्खियों में आ गया।

इस एपिसोड के बाद जो एपिसोड सेलेब्रिटी के कारण बहुत पसंद किया गया वह हेमा मालिनी वाला था। हेमा मालिनी ने अपनी कई पुरानी दिलचस्प यादों को बिना किसी संकोच के बताया। उस एपिसोड में जब उनकी बेटी एषा देओल ने अपने वीडियो संदेश से अपनी मम्मी को लेकर अपने विचार व्यक्त किए तो हेमा भी रो पड़ीं। 

हेमा मालिनी के बाद जीतेंद्र और एकता कपूर का एपिसोड काफी पसंद किया गया। जीतेंद्र ने अपने संघर्ष के दिनों की कई भावुक बातें बताने के साथ अपने दोस्त राजेश खन्ना की भी कुछ खास बातें बतायीं।

साथ ही गायक पवन दीप की तो जीतेंद्र ने जमकर तारीफ की। उधर जीतेंद्र तब पवन की खिंचाई करने से भी नहीं चूके, जब पवन ने जीतेंद्र की इतनी तारीफ के बाद भी ज्यादा खुशी व्यक्त न करते हुए इस सबको सामान्य सा लिया। जीतेंद्र ने कहा- इतनी तारीफ के बाद भी पवन के चेहरे पर भाव नहीं बदलते जैसे वह बताना चाहता है, वह जानता है कि वह एक अच्छा गायक है।

एकता कपूर ने भी प्रतियोगियों की सराहना की। अरुणिता कांजीलाल तो एकता को इतनी पसंद आई कि उन्होनें भी अपनी आँख का काजल अरुणिता को लगा दिया जिससे अरुणिता को किसी की नज़र ना लगे।    

जीतेंद्र के बाद और रेखा से पहले जब नीतू सिंह कपूर ‘इंडियन आइडल’ में आयीं तो उन्होंने भी सभी का दिल जीत लिया। ऋषि-नीतू कपूर विशेष के इस एपिसोड में ऋषि कपूर को भी बहुत याद किया। नीतू ने ऋषि की बहुत सी बातें बताने के साथ, अपनी फिल्मों के गीतों से जुड़ी कई खास बातें भी बतायीं और यह बताने में भी कोई परहेज नहीं किया कि ऋषि उतने अच्छे डांसर नहीं थे जितने पर्दे पर दिखते थे।  

इस सप्ताहंत में 10 और 11 अप्रैल को भी इसमें दो दिग्गज संगीतकार आ रहे हैं- कल्याणजी आनंदजी जोड़ी के आनंदजी और आज के दौर के प्रतिष्ठित संगीतकार एआर रहमान।


इसमें कोई शक नहीं कि इस सीजन के लाजवाब प्रतियोगी अरुणिता कांजीलाल, सयाली कांबले, अंजलि गायकवाड, षण्मुख प्रिया, पवनदीप, सवाई भाट, आशीष कुलकर्णी, दानिश खान और निहाल तौरो जैसे प्रतियोगियों ने जहां अपनी प्रतिभा से समा बांध दिया है। वहाँ यह भी बता दिया है कि वे काफी भाग्यशाली हैं जिन्हें इतने बड़े सितारों, संगीतकारों के सामने उन्हीं के गीत गाने, उनसे मिलने और तभी के तभी उनके कमेंट्स पाने के बड़े मौके मिल रहे हैं। अन्यथा ‘इंडियन आइडल’ के बिना इन उभरते नए गायक-गायिकाओं को, न जाने इतने बड़े मौके इतने कम समय में फिर कभी मिल पाते या नहीं !

‘इंडियन आइडल’ का यह दिलचस्प, यादगार और शानदार सफर आगे भी चलेगा। बशर्ते कोरोना की मार इसमें रुकावट न बने। सच इंडियन आइडल-12 ने रियलिटी और टीवी की संगीतमय दुनिया बदल कर रख दी है। इसके लिए सोनी चैनल के साथ ‘इंडियन आइडल’ की पूरी टीम को भी बधाई।

प्रदीप सरदाना    

मुझसे Twitter पर जुड़ने के लिए- https://twitter.com/pradeepsardana

मुझसे Instagram पर जुड़ने के लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en  

मेरे Youtube चैनल से जुड़ने के लिए -  https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw  

 

Comments

Popular posts from this blog

छोटी ज़िंदगी का बड़ा अफसाना रोहित सरदाना

आशा पारेख को फाल्के मिलने से जगी हैं नयी आशाएँ

फिल्म प्रेमियों का तीर्थ भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह