फिल्म और सीरियल की शूटिंग रुकने से मनोरंजन की दुनिया में हड़कंप
- प्रदीप सरदाना
वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म-टीवी समीक्षक
पिछले करीब एक साल से कोरोना
के चलते बुरी तरह टूट चुका फिल्म उद्योग अब एक बार फिर गहरे संकट में आ गया है।
महाराष्ट्र में 15 अप्रैल से आगामी 15 दिनों तक फिल्मों, सीरियल, वेब सीरीज और विज्ञापन की शूटिंग रुकने और
सभी सिनेमाघर पूरी तरह बंद होने से मनोरंजन की दुनिया में हड़कंप मच गया है।
इससे मुंबई और महाराष्ट्र
में चल रही कई फिल्मों की शूटिंग रुक गयी है। जिनमें निर्माता एकता कपूर की अमिताभ
बच्चन को लेकर बन रही ‘गुड बाय’, शाहरुख
खान की ‘पठान’, सलमान खान की टाइगर-3, प्रभास की ‘आदि पुरुष’ की
शूटिंग शामिल है।
इसी के साथ टीवी सीरियल्स और नयी वेब सीरीज भी एक बार फिर मुश्किल दौर में आ गए हैं। कोरोना के पहले दौर में पिछले वर्ष करीब 6 महीने इनका कामकाज ठप्प हो गया था। जिससे टीवी पर कई पुराने सीरियल की बाढ़ आ गयी थी। अब एक बार फिर कई लोकप्रिय सीरियल के साथ ‘इंडियन आइडल’ ‘सुपर डांसर’, ‘डांस दीवाने’ और ‘इंडियन प्रो म्यूजिक लीग’ जैसे रिऐलिटि शो की शूटिंग भी रुकने से ये शो भी अधर में लटक जाएँगे।
साथ ही महाराष्ट्र सहित
देश के कई राज्यों में सिनेमाघरों के खुलने पर प्रतिबंध या उनके आधे अधूरे खुलने
के कारण ‘सूर्यवंशी’, ‘बंटी और बबली-2’, ‘थलायवी’ और ‘चेहरे’ सहित कई फिल्मों की रिलीज आगे खिसक गयी है।
जिस तरह के हालात हैं
उन्हें देखकर लग रहा है कि 13 मई को रिलीज होने वाली सलमान खान की ‘राधे’ और जॉन अब्राहिम की ‘सत्यमेव
जयते-2’ कि रिलीज भी अब निर्धारित तिथि पर नहीं हो सकेगी। जबकि
सलमान ने गत 13 मार्च को ट्वीट करते हुए लिखा था- ‘ईद का कमिटमेंट
था, ईद पर ही आएंगे’।‘’ माना जा रहा है कि ‘राधे’ की
रिलीज टलने पर यह जुलाई में बक़र ईद पर रिलीज हो सकेगी।
हालांकि ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लोयज’ ने
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से अपील की है कि शूटिंग को न रोका जाये।
क्योंकि सभी निर्माता नियमों के अनुसार काफी ध्यान रखकर शूटिंग कर रहे हैं। उधर ‘इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल’ के
टीवी विंग के अध्यक्ष जे डी मजीठिया ने कहा है यूं हम फिलहाल सरकार के फैसले के
साथ है। लेकिन दो तीन दिन में हम मुख्यमंत्री ठाकरे से उन्हें अपने निर्णय पर फिर
से विचार करने के लिए अनुरोध करेंगे। क्योंकि कलाकार भी फ्रंटलाइंस वर्कर्स की तरह
हैं जो लॉकडाउन में घर में बैठे लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं।
प्रदीप सरदाना
मुझसे Twitter पर जुड़ने के
लिए- https://twitter.com/pradeepsardana
मुझसे Instagram पर जुड़ने के
लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en
मेरे Youtube चैनल से जुड़ने
के लिए - https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw



Comments