नीतू सिंह ने जीत लिया सभी का दिल
- प्रदीप सरदाना
वरिष्ठ पत्रकार एवं
फिल्म समीक्षक
नीतू सिंह कपूर, ऋषि कपूर के बाद अपनी एकाकी ज़िंदगी को खुश और व्यस्त रखने के लिए, फिर से अपनी पुरानी दुनिया में लौट आयीं हैं। वह जहां अब अनिल कपूर के
साथ करण जोहर की फिल्म ‘जुग जुग जियो’
कर रही हैं। वहाँ वह अब टीवी शो में भी
आने लगी हैं। खबर तो यह भी है कि वह जल्द ही एक टीवी शो में जज के रूप में भी आ
सकती हैं।
पिछले दिनों वह सोनी चैनल के ‘इंडियन आइडल’ में मेहमान बनकर आयीं तो उन्होंने अपनी कई नयी पुरानी यादों को सभी के साथ साझा कर समां बांध दिया था। इधर अब वह सोनी चैनल के ही बच्चों के मशहूर डांस शो ‘सुपर डांसर’ में आने वाली हैं। हाल ही में इस शो की शूटिंग के दौरान जिसने भी नीतू सिंह के खूबसूरत अंदाज देखे वह उनका होकर रह गया। ‘सुपर डांसर’ अपने 26 औए 27 जून के दो एपिसोड ‘नीतू सिंह स्पेशल’ में उन्हें शिद्दत से याद करने जा रहा है। नीतू कहती हैं-"मुझे इतना अच्छा ट्रिब्यूट न पहले किसी ने दिया है और मैं सोचती हूँ न कोई और दे सकता है। यह मेरे दिल को छू गया है।"
यूं नीतू अपने पति ऋषि कपूर के साथ भी कभी कभार किसी टीवी शो में चली जाती थीं। इधर अब ‘सुपर डांसर-चैप्टर-4’ में भी दर्शक नीतू के कई दिलकश अंदाज़ देखने के साथ उनके दिल की कई बातें भी जान सकेंगे। इस शो में नीतू सिंह की कई फिल्मों के सुपर हिट गीतों पर बच्चे ऐसा डांस करते हैं कि नीतू के मुख से ओह, उफ़्फ़, हाय, वाह, सुपर और सुपर्ब निकलता ही रहता है।
नीतू तब दंग रह जाती हैं जब उनकी फिल्मों के कई शानदार गीतों –एक मैं और एक तू,लेकर हम दीवाना दिल, छुक छुक चक चक बॉम्बे से बड़ोदा तक, पर्दा है पर्दा, हमने तुमको देखा और खुल्लम खुल्ला प्यार करेंगे,पर डांस की झड़ी लग जाती है। बच्चों का धमाकेदार डांस देख नीतू कभी खुद बच्चों के साथ तो कभी जज शिल्पा शेट्टी, गीता कपूर और अनुराग बसु के डांस करने लगती हैं। तो कभी इतना भावुक हो उठती हैं कि उनके आँसू टपक पड़ते हैं। नीतू सिंह इस दौरान अपने इन गीतों से जुड़ी कई दिलचस्प बातें तो बताएँगी ही। साथ ही जब एक प्रतियोगी उन्हें कहती है कि वह रणबीर कपूर की बहुत बड़ी फैन है तो नीतू तभी फोन पर उस बच्ची की रणबीर से बात भी करा देती हैं। कुल मिलाकर सुपर डांसर के इस शो में नीतू सिंह ने अपनी बातों और अंदाज़ से सभी का दिल जीत लिया।
- प्रदीप सरदाना
मुझसे Twitter पर जुड़ने के लिए- https://twitter.com/pradeepsardana
मुझसे Instagram पर जुड़ने के लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en
मेरे Youtube चैनल से जुड़ने के लिए - https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw
Comments