आरके की यादगार होली

 - प्रदीप सरदाना

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक 

हमारी फिल्म इंडस्ट्री में जब भी होली की चर्चा होती है तो सबसे पहले आरके की होली की बात होती है, जिसको फ़िल्मकार राज कपूर इतनी भव्यता से, इतने दिल से मनाते थे कि बरसों बाद भी उस होली को भुलाया नहीं जा सका है। हालांकि, अब न राज कपूर हैं, न राज कपूर के स्टूडियो की भव्य होली और न ही वह आरके स्टूडियो, जहां की होली का इंतज़ार पूरी फिल्म इंडस्ट्री साल भर करती थी। उस होली की यादें अभी भी खूबसूरत हैं।

होली के दिन राज कपूर अपने स्टूडियो में जिनको भी आमंत्रित करते थे, वे सब प्रतिष्ठित व्यक्तियों की श्रेणी में आ जाते थे। बड़े से बड़े हीरो-हीरोइन आरके स्टूडियो के रंग भरे टब में डुबकी लगाकर खुद को धन्य समझते थे। फिल्मी हस्तियां वहां नाचती-गाती थीं। लेकिन अब यादें रह गयी हैं। आरके स्टूडियो ही नहीं रहा। कपूर परिवार ने आरके स्टूडियो को बेच दिया था। वहां के नए स्वामी ने बुलडोजर चलवाकर वहां नए भवन का निर्माण कर दिया है। असल में यूं तो आरके स्टूडियो की रंगभरी शानदार होली की बिदाई तभी हो गयी थी, जब राज कपूर ने 2 जून 1988 को इस दुनिया को अलविदा कहा। इसलिए 4 मार्च 1988 को आयोजित होली समारोह यहां का अंतिम होली समारोह था। आरके की यह होली सन 1950 के दशक में शुरू हो गयी थी, जब राज कपूर ने इस स्टूडियो की स्थापना कर आवाराफिल्म के सुपर हिट होने के बाद यहां होली का जश्न मनाया था। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री की यह सामूहिक होली इतनी लोकप्रिय हो गयी कि बहुत से कलाकारों ने अपने घरों में होली मनाना छोड़ दिया। करीब 35 बरसों के आरके स्टूडियो के इस होली आयोजन में कलाकार दिल खोलकर मस्ती करते रहे। नर्गिस, कामिनी कौशल, गीता बाली, निम्मी, वैजयंतीमाला, सिम्मी, बबीता, हेमा मालिनी से लेकर जीनत अमान, डिम्पल , नीतू सिंह, पद्मिनी कोल्हापुरे और मंदाकिनी तक कई मशहूर अभिनेत्रियां राज कपूर की होली के रंगों में नहा चुकी हैं। साथ ही शम्मी कपूर, शशि कपूर, राजेन्द्र कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, अनिल धवन, प्रेम नाथ, प्रेम चोपड़ा जैसे अभिनेता इस होली के गवाह रहे हैं। उधर, लता मंगेशकर, मुकेश, शैलेंद्र, लक्ष्मीकान्त प्यारेलाल, शंकर जयकिशन, हसरत जयपुरी जैसी संगीत की हस्तियां भी इस समारोह की शान रहीं।

आरके की होली क्यों बंद हो गयी, इस पर रणधीर कपूर से एक बार बात हुई तो उन्होंने बताया था कि कुछ मेहमान ऐसे आने लगे थे, जो अपने साथ भी कुछ ऐसे लोगों को ले आते थे कि वे समारोह को बेमज़ा कर देते थे।

कुछ और बड़े फिल्मकारों और सितारों ने अपने यहां होली समारोह का आयोजन अपने-अपने ग्रुप के लोगों के साथ शुरू किया था, जिनमें यश चोपड़ा, सुभाष घई और अमिताभ बच्चन के यहां आयोजित होली समारोह मशहूर भी हुए। लेकिन बाद ये आयोजन भी नियमित न हो सके।

अमिताभ बच्चन अब भी कभी-कभी अपने घर होली का आयोजन करते रहते हैं। फिर भी आरके स्टूडियो की होली का आज भी कोई सानी नहीं है।

(प्रसिद्ध समाचार पत्र  'दैनिक ट्रिब्यूनके सभी संस्करण में, प्रथम पृष्ठ पर 18 मार्च 2022 को प्रकाशित मेरा लेख)  

प्रदीप सरदाना    

मुझसे Twitter पर जुड़ने के लिए- https://twitter.com/pradeepsardana

मुझसे Instagram पर जुड़ने के लिए- https://www.instagram.com/pradeep.sardana/?hl=en  

मेरे Youtube चैनल से जुड़ने के लिए -  https://www.youtube.com/channel/UChiCnaYESQww2o1nykqWwBw        

 

 

Comments

Popular posts from this blog

छोटी ज़िंदगी का बड़ा अफसाना रोहित सरदाना

कोरोना से भी ज्यादा खतरनाक है ब्लैक फंगस का प्रकोप

कभी नौशाद के ‘आशियाना’ में बैडमिंटन खेलते थे रफी और दिलीप कुमार